गिरिडीह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) गिरिडीह नगर इकाई ने सोमवार को स्वामी विवेकानंद जयंती के आयोजन को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने झंडा मैदान से टावर चौक तक पैदल मार्च निकाला और स्थानीय विधायक सह मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का पुतला दहन किया। ABVP का आरोप है कि विधायक द्वारा सर्कस मैदान स्वामी विवेकानंद जयंती आयोजन के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और युवा भावनाओं के खिलाफ है।

प्रदर्शन के दौरान ABVP प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने विधायक के निर्णय की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह स्वामी विवेकानंद के विचारों और आदर्शों का अपमान है। उन्होंने मांग की कि विधायक अपने फैसले को वापस लें और जयंती आयोजन के लिए सर्कस मैदान उपलब्ध कराएं। पुतला दहन कार्यक्रम का नेतृत्व नगर मंत्री नीरज चौधरी ने किया। मौके पर प्रांत SFS सह प्रमुख अनीश राय, नगर सह मंत्री सदानंद राय सहित बड़ी संख्या में ABVP कार्यकर्ता मौजूद रहे।












