गिरिडीह समाहरणालय सभाकक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त (नगरपालिका) श्री रामनिवास यादव की अध्यक्षता में नगरपालिका आम चुनाव 2026 को लेकर गठित विभिन्न कोषांगों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने कोषांग में नामित अधिकारियों और कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का जिम्मेवारीपूर्वक निर्वहन करें।

समीक्षा के दौरान कार्मिक, आईटी, सामग्री, मतपेटिका, परिवहन, मीडिया, प्रशिक्षण, विधि व्यवस्था, व्यय अनुश्रवण, हेल्पलाइन सहित अन्य कोषांगों की प्रगति की जानकारी ली गई। मतदान केंद्रों की स्थापना, सुरक्षा व्यवस्था, प्रशिक्षण, संसाधनों की उपलब्धता और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में उप विकास आयुक्त समेत सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।













