गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत लोकाय थाना क्षेत्र के करमाटांड के आगे पुल के पास बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया, जिसमें चालक ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दबकर बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में जुट गए। करीब तीन घंटे तक चालक ट्रैक्टर के इंजन में फंसा रहा, लेकिन उसकी जान बची रहना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को अवगत कराया। स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से JCB मशीन मंगवाई गई, जिसके जरिए कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल बेहतर इलाज के लिए जमुई भेज दिया गया है। इस घटना के बाद इलाके में “जाको राखे साइयां, मार सके न कोय” कहावत की चर्चा जोरों पर है।












