बगोदर पूर्व विधायक बिनोद सिंह ने जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद से मिलकर जिले के स्कूलों में शिक्षकों की कमी और अन्य संबंधित समस्याओं पर चर्चा की। सिंह ने बताया कि हाल में लगभग 900 शिक्षकों की नई बहाली हुई है, लेकिन कई पारा शिक्षक अन्य स्कूलों में स्थानांतरण हो जाने के कारण कुछ स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक शिक्षकों की भारी कमी देखने को मिल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि हाई स्कूल शिक्षक की परीक्षा जल्द होने से हाई स्कूल की समस्या हल हो जाएगी, लेकिन प्राथमिक स्तर के बच्चों के लिए शिक्षकों की कमी को तुरंत पूरा करने की आवश्यकता है।

पूर्व विधायक ने यह भी मुद्दा उठाया कि कुछ जगहों पर लड़कियों के लिए बनाये जाने वाले हॉस्टल में लड़कों का हॉस्टल बन रहा है, जबकि कुछ स्कूलों में अभी छात्रों की संख्या नहीं है, पर बिल्डिंग भविष्य के लिए तैयार की जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी वसीम अहमद ने सभी सुझावों को संज्ञान में लिया और कहा कि चिन्हित स्कूलों में जल्द सुधार के उपाय किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि हाई स्कूल रिज़ल्ट और नई बहाली से गिरिडीह में शिक्षा में बेहतर परिणाम दिखेंगे।












