गिरिडीह जिले में प्रशासनिक पारदर्शिता और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे उप विकास आयुक्त के समक्ष रखीं। उन्होंने एक-एक कर सभी आवेदकों की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उप विकास आयुक्त ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

जनता दरबार में भूमि विवाद, जाति व आय प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, दाखिल-खारिज समेत विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों का त्वरित समाधान संभव है, उनका निपटारा नियमानुसार तुरंत किया जाए। उन्होंने संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, परीक्ष्यमान उपसमाहर्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।













