गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित बेको मोड़ के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें बंगाल के एक पुलिस पदाधिकारी सहित उनके परिवार के दो सदस्य घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार WB 37J 5508 नंबर की कार अचानक सामने आई बाइक को बचाने के दौरान असंतुलित हो गई और सीधा डिवाइडर से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को बगोदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए जीटी रोड पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, सड़क यातायात को सुचारु कराया और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया।












