गिरिडीह के झंडा मैदान में सोमवार को ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक और टीयूसीसी के बैनर तले धरना देकर केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार लेबर कोड का विरोध किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे पूर्व जिप सदस्य और फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने कहा कि मजदूर विरोधी लेबर कोड किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा, क्योंकि इसे मजदूर संगठनों की सहमति के बिना थोप दिया गया है।

उन्होंने कहा कि इन कोडों से मजदूरों के अधिकारों का हनन, काम के घंटे में वृद्धि, महिला श्रमिकों से रात में काम कराने की अनुमति और कॉन्ट्रैक्ट वर्करों की बढ़ोतरी जैसी समस्याएँ बढ़ेंगी। सामाजिक सुरक्षा और न्यूनतम वेतन की भी कोई ठोस गारंटी नहीं है। राजेश यादव ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने यह कोड वापस नहीं लिया तो मजदूर व्यापक आंदोलन करेंगे। कार्यक्रम में शंभू ठाकुर, मनोज यादव, संजय चौधरी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।












