गिरिडीह। डुमरी थाना क्षेत्र के कुलगो टोल प्लाजा के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अर्टिगा कार और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रैक्टर तीन हिस्सों में टूटकर सड़क पर बिखर गया, जबकि अर्टिगा कार उछलकर सड़क किनारे जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि हादसे की गंभीरता को देखते हुए यह किसी चमत्कार से कम नहीं कि किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग मौके पर दौड़ पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर खेत की ओर जा रहा था तभी तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उसे सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के प्रभाव में ट्रैक्टर का इंजन, केबिन और डाला अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे, जबकि कार के परखच्चे उड़ गए। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से सड़क पर बिखरे ट्रैक्टर के हिस्सों को हटाया गया, जिसके बाद जाम हटाया जा सका। डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने बताया कि दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने पुष्टि की कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।












