जिले भर में आज से “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत सेवा का अधिकार सप्ताह की शुरुआत हुई, जहां पंचायत स्तरीय शिविरों में बड़ी संख्या में आमजन पहुंचकर अपनी शिकायतें और समस्याएँ दर्ज करा रहे हैं। शिविरों में झारखंड राज्य सेवा गारंटी अधिनियम 2011 के अंतर्गत आने वाली सेवाओं—जाति, स्थानीय निवासी, आय, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल-खारिज, भूमि मापी, भूमि धारण प्रमाण पत्र और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं—का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया जा रहा है।

प्रत्येक प्रखंड के लिए वरीय पदाधिकारियों को नामित किया गया है तथा विभागवार लगाये गए स्टॉलों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। शिविर में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, अबुआ आवास योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, हरा राशन कार्ड, मुख्यमंत्री स्वरोजगार सृजन योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड सहित कई योजनाओं से संबंधित आवेदनों का निस्तारण किया गया। शिविरों में उमड़ी भीड़ यह साबित करती है कि सरकार की यह पहल आमजनों तक सेवाएं पहुंचाने में अत्यंत प्रभावी साबित हो रही है।













