बिरनी प्रखंड के बटलोहिया नदी के पास बन रहे पुलिया निर्माण में संवेदक द्वारा लोकल छड़ लगाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय इस्टीमेट के विपरीत घटिया सामग्री का उपयोग किया गया। शिकायत के बाद भी जेई कार्रवाई करने के बजाय मौके से गायब रहे और ग्रामीणों के फोन उठाना बंद कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि लोकल छड़ का वीडियो सबूत के रूप में विभाग को दिया गया था, लेकिन संवेदक ने जल्दबाजी में ढलाई कर रड को छिपा दिया। निर्माण स्थल पर न बोर्ड लगा है, न योजना से जुड़ी कोई जानकारी। करीब 18 लाख की लागत वाली इस पुलिया को 15वीं वित्त योजना की तरह निपटाने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि यदि लोकल छड़ हटाई गई थी तो विभाग इसका वीडियो सार्वजनिक करे, अन्यथा भुगतान रोका जाए।













