गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र के डंडियाडीह मोहल्ले में 30 अक्टूबर को 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। छात्रा का शव घर की छत पर कपड़े सुखाने वाली पतली रस्सी से लटका मिला था, जिसके बाद परिजनों ने हत्या का मामला दर्ज कराया था। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई लोगों से पूछताछ की और मोबाइल कॉल डिटेल सहित तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस की गहन जांच के बाद अरमान नामक युवक को इस हत्याकांड का आरोपी चिन्हित किया गया और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जुटाए गए सबूत आरोपी की संलिप्तता स्पष्ट करते हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।












