गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब जीटी रोड किनारे सोनतुरपी जंगल की झाड़ियों में एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बिहार के खगड़िया निवासी 36 वर्षीय धीरज यादव के रूप में हुई है, जो ट्रक ड्राइवर थे। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ धनंजय राम और थाना प्रभारी विनय कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र का निरीक्षण किया।

थाना प्रभारी ने बताया कि धीरज रानीगंज से बनारस के लिए सरिया लदी ट्रक लेकर निकले थे। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने ट्रक और लोडेड सरिया भी जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में मामला हत्या का लग रहा है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।













