गिरिडीह के सिहोडीह स्थित बिरसा चौक में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती समारोह समिति द्वारा धूमधाम से जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। डीसी, एसपी और कई अन्य नेताओं व अधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बिरसा चौक के सौंदर्यकरण का शिलान्यास किया, जिसे जल्द ही पूरा किया जाएगा।

कार्यक्रम में आदिवासी समाज के लोगों ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ मंदार की थाप पर नृत्य कर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भगवान बिरसा से राज्य और सरकार को सद्बुद्धि देने की कामना की, वहीं मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चलते हुए राज्य के विकास में तत्पर रहेंगे। इस अवसर पर समिति के संरक्षक रविकांत सिंह, मनदीप शर्मा, पूरण तुरी, चुनमुन राम, गुल्लू यादव, छोटू दास, उत्तम राम, राजा पाली, जीतू कश्यप तथा आदिवासी समाज के अध्यक्ष प्रदीप सोरेन, उदय मुर्मू, मदन हेंब्रम, रमेश मुरमुर, शिव शंकर समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।













