Aba News

सर जे.सी. बोस मुख्यमंत्री बालिका उत्कृष्ट विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस

बाल दिवस के अवसर पर सर जे.सी. बोस मुख्यमंत्री बालिका उत्कृष्ट विद्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर आयोजित इस समारोह की शुरुआत प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा, बाल संसद की प्रधानमंत्री, हेड गर्ल तथा वरीय शिक्षकों ने नेहरू जी की तस्वीर पर दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पित कर की। प्राचार्य ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाल जीवन ही भविष्य की मजबूत नींव है, इसलिए इसे संवारने का पूरा प्रयास करें।

कार्यक्रम में छात्राओं ने आकर्षक नृत्य व विचार प्रस्तुत किए। वरीय शिक्षक मोहम्मद अख्तर अंसारी ने बच्चों के लिए प्रेरणादायक शायरी सुनाई, जबकि जमुआ के बीपीओ अरविंद कुमार ने भी बच्चियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की रूपरेखा का संचालन मोहम्मद अख्तर अंसारी और राकेश कुमार ने किया। विद्यालय परिवार ने फूल वर्षा कर सभी छात्राओं का उत्साह बढ़ाया और उन्हें चॉकलेट व कलम देकर सम्मानित किया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें