भाकपा (माले) ने गिरिडीह और गांडेय विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को और मजबूत करने के लक्ष्य के साथ पीरटांड़ प्रखंड के मधुबन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी पूरन महतो ने की, जिसमें जिला कमिटी सदस्य राजेश सिन्हा, कन्हाई पांडेय, मेहताब अली मिर्जा, अजीत राय, मसूदन कोल और दारा सिंह मौजूद थे। पूरन महतो ने कोरिया बस्ती के आंदोलन की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि स्थायी समाधान के लिए वन विभाग को वन पट्टा देना आवश्यक है।

बैठक में नेताओं ने 13 नवंबर को जिले के सभी 13 प्रखंडों में “जल-जंगल-जमीन बचाओ” धरना कार्यक्रम की तैयारी पर चर्चा की। जिला सचिव अशोक पासवान के निर्देशानुसार 15 नवंबर को महान बिरसा मुंडा की जयंती को धूमधाम से मनाने का आह्वान किया गया। नेताओं ने कहा कि जनता के अधिकारों की लड़ाई में माले ही सच्ची आवाज है और गिरिडीह व गांडेय विधानसभा को भी बगोदर, राजधनवार और जमुआ की तरह “लाल” बनाने का संकल्प दोहराया।












