गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र के हण्डाडीह गांव के पास शनिवार शाम लगभग सात बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। सिकदारडीह निवासी 24 वर्षीय मोहम्मद अमजद, पिता गुलाम मुस्तफा, गिरिडीह से काम करके अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पचम्बा थाना की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर समेत चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।












