गिरिडीह निमियाघाट थाना क्षेत्र के गट्टीगढ़ा गांव के पास मंगलवार की सुबह बुढ़िया नदी किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान टिंगराकला निवासी स्व. भीम सिंह के पुत्र मनोज कुमार सिंह (35 वर्ष) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही निमियाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक की पत्नी के आवेदन पर पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार सिंह छठ पर्व मनाने अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल, गट्टीगढ़ा आया हुआ था। सोमवार सुबह वह घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। मंगलवार की सुबह उसका शव बुढ़िया नदी किनारे मिला। परिजनों ने बताया कि मनोज मजदूरी करता था और अपने पीछे पत्नी व तीन बच्चों को छोड़ गया है। बताया गया कि मृतक का एक भाई दुबई में कार्यरत है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












