गिरिडीह हीरोडीह थाना क्षेत्र के झारखंडधाम हॉल्ट के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दुबे बांध के पास रेल पटरी पार करते समय एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रेम्बा गांव निवासी नरेश तूरी (45 वर्ष) के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक किसी काम से झारखंडधाम की ओर जा रहा था, तभी अचानक ट्रेन आने से हादसा हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।












