गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के जिरियोबेरा गांव के पास पारसनाथ पहाड़ी के घने जंगल में सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाकर नक्सलियों की बड़ी साजिश को विफल कर दिया। सीआरपीएफ की 154 बटालियन, 203 कोबरा और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, सेफ्टी फ्यूज, इग्निटर सेट, नक्सली झंडे और दस्तावेज बरामद किए गए।

अभियान का नेतृत्व सीआरपीएफ के द्वितीय कमांडिंग ऑफिसर अभिनव आनंद, एएसपी सुरजीत कुमार, एसी गौरव शर्मा और थाना प्रभारी निरंजन कच्छप ने किया। अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामग्री का उपयोग नक्सलियों द्वारा किसी बड़े हमले या प्रचार गतिविधि में किया जाना था। सुरक्षा बलों की सतर्कता से उनकी मंशा पर पानी फिर गया है और इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।












