गिरिडीह, 31 अक्टूबर 2025 – जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गिरिडीह की ओर से 13 दिसंबर 2025 को व्यवहार न्यायालय परिसर, गिरिडीह में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह निर्देश माननीय नालसा, नई दिल्ली और माननीय झालसा, रांची द्वारा आमजनों एवं पक्षकारों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए दिया गया है।
इस संबंध में आज न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, मार्तंड प्रताप मिश्रा और सचिव सफदर अली नैयर ने आगामी लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की। इस लोक अदालत में सुलहनीय आपराधिक, सिविल, वाहन दुर्घटना, भूमि अधिग्रहण, श्रम, बिजली, ट्रैफिक चालान एवं जनोपयोगी मामलों का निष्पादन पक्षकारों की सहमति से किया जाएगा। मीडिया से अपील की गई है कि आमजन में प्रचार-प्रसार कर इसे सफल बनाने में सहयोग दें।












