गिरिडीह के सिरसिया स्थित बीएनएस डीएवी पब्लिक स्कूल में आज लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। साथ ही इस अवसर पर देश की पहली महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग द्वारा सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई।

विद्यालय की छात्रा सुरभि राज ने सभी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा, सतर्कता और अखंडता की शपथ दिलाई। इस मौके पर प्राचार्य सचिन गर्ग ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि “सरदार वल्लभभाई पटेल देश की एकता के सच्चे प्रतीक थे, जिन्होंने आजादी के बाद 562 रियासतों को जोड़कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत की नींव रखी। उनका जीवन दृढ़ संकल्प, ईमानदारी और सेवा भावना का प्रतीक है।” उन्होंने विद्यार्थियों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। पूरा विद्यालय राष्ट्रभक्ति और एकता के भाव से ओत-प्रोत नजर आया।













