गिरिडीह में सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। गुरुवार की सुबह पंजाबी मोहल्ला स्थित गुरुद्वारा से प्रभात फेरी निकाली गई, जो मकतपुर चौक, जिला परिषद चौक, टावर चौक होते हुए बक्सीडीह तक पहुंची। मार्ग में संगतों ने गुरबाणी कीर्तन और “धन गुरु नानक प्यारे” के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

प्रभात फेरी के समापन पर श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। इसके बाद महिला संगतों द्वारा शब्द कीर्तन और अरदास कर समाज में शांति और सद्भाव की प्रार्थना की गई। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में सिख परिवारों ने भाग लेकर गुरु नानक देव जी के उपदेशों का संदेश दिया — “सेवा ही सच्ची भक्ति है।”












