गिरिडीह जिले में अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार से निकली ज्योति कलश रथ यात्रा का भ्रमण लगातार जारी है। बेंगाबाद और गांडेय प्रखंड के विभिन्न ग्रामों में दीप महायज्ञ, पूजन-अर्चन और गायत्री महामंत्र जप के माध्यम से लोगों में भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो रहा है। महेशमुंडा के शिव मंदिर और गांडेय दुर्गा मंडप में आयोजित कार्यक्रमों में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और अपने घरों में देव स्थापना का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला प्रमुख कामेश्वर सिंह ने कहा कि वेदमूर्ति पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा स्थापित अखिल विश्व गायत्री परिवार का उद्देश्य जन-जन को गायत्री उपासना से जोड़कर युग परिवर्तन की दिशा में प्रेरित करना है। शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा संचालित यह रथ यात्रा न केवल धार्मिक भावना को प्रबल कर रही है, बल्कि समाज में एकता, शांति और सद्भाव का संदेश भी दे रही है।













