Aba News

पलामू में डूबे किशोर का शव बरामद: छठ पर आया था ननिहाल, नहर में पानी बंद कर ढूंढ़ा गया, नहाने के दौरान हुआ हादसा

पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार शाम से लापता किशोर नैतिक कुमार का शव आखिरकार 36 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, गढ़वा जिले के परिहारा निवासी अरविंद चौहान का 15 वर्षीय पुत्र नैतिक छठ पर्व मनाने अपने ननिहाल बिशुनपुर आया हुआ था। सोमवार देर शाम वह अपने साथियों के साथ उत्तरी कोयल नहर के चौड़ा पुल के पास नहाने गया, जहां पानी की तेज धार में बह जाने से उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, नैतिक तैरना नहीं जानता था, और देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गया। परिजनों ने तुरंत स्थानीय प्रशासन से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद बचाव दल ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।

प्रशासन ने मोहम्मदगंज स्थित उत्तरी कोयल नहर का पानी अस्थायी रूप से बंद करवा कर शव की तलाश तेज की। बुधवार सुबह लगभग 9 बजे घटनास्थल के समीप उसका शव बरामद हुआ। हुसैनाबाद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी। पूरे इलाके में छठ पर्व की खुशी मातम में बदल गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें