बिरनी प्रखंड के बाराडीह गांव में छठ पूजा के पावन अवसर पर सोमवार की शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान सात वर्षीय दीपक तूरी की नदी में डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन, एनडीआरएफ टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

लगभग 14 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह दीपक का शव बरामद किया गया। शव मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि दीपक के माता-पिता मुंबई में रहते हैं और उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक विनोद सिंह भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।













