झारखंड की धरती एक बार फिर से मेधावी प्रतिभाओं की गवाह बनी है। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 के परिणाम में राज्य के कई होनहार युवाओं ने सफलता का परचम लहराया है। रांची की टेंडर हार्ट स्कूल की पूर्व छात्रा हर्षिता ने 410वां रैंक हासिल कर पूरे विद्यालय परिवार और राज्य को गर्व से भर दिया है। नर्सरी से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई इसी स्कूल से करने वाली हर्षिता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और विद्यालय को दिया। उन्होंने कहा कि टेंडर हार्ट की संस्थापिका गार्गी मंजू एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनकी तैयारी में अहम भूमिका निभाई। हर्षिता ने कहा कि वह आने वाले समय में समाज के वंचित वर्गों के लिए कार्य कर अपने राज्य और देश का नाम रोशन करना चाहती हैं।
इसी कड़ी में जमशेदपुर की स्वाति शर्मा ने झारखंड का नाम पूरे देश में रौशन कर दिया है। मानगो थाना क्षेत्र के कालिका नगर निवासी और पूर्व सैनिक संजय शर्मा की पुत्री स्वाति ने अखिल भारतीय स्तर पर 17वां रैंक हासिल कर प्रदेश टॉपर बनी हैं। स्वाति ने कहा कि यह सफलता उनके माता-पिता की मेहनत और उनके विश्वास की जीत है। उन्होंने झारखंड के युवाओं से अपील की कि वे भी अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखकर देश निर्माण में योगदान दें। वहीं रांची की डोरंडा निवासी प्रेरणा सिंह ने भी 271वीं रैंक हासिल कर सफलता का परचम लहराया है। प्रेरणा ने बताया कि यह उनका चौथा प्रयास था और लगातार मेहनत एवं धैर्य ने उन्हें यह मुकाम दिलाया। प्रेरणा की मां ममता सिंह, जो पशुपालन विभाग में कार्यरत हैं, ने कहा कि बेटी की यह उपलब्धि पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है।












