गिरिडीह : लोक आस्था, श्रद्धा और नेम-निष्ठा का प्रतीक चार दिवसीय महापर्व छठ की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। कल नहाय-खाय के साथ इस महापर्व की शुरुआत होगी। बाजारों में पूजन सामग्रियों की खरीददारी को लेकर भीड़ उमड़ पड़ी है। सूप-दौरा, नारियल, फल और गन्ने की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। महिलाएं छठ पूजा के लिए आवश्यक वस्तुओं की खरीद में व्यस्त हैं, वहीं घर-घर में व्रत की तैयारी और साफ-सफाई जोरों पर है। जिले भर में छठ को लेकर एक उत्सव जैसा माहौल बन गया है। हर ओर भक्ति गीतों की गूंज, घाटों की साज-सज्जा और श्रद्धालुओं का उत्साह झलकने लगा है।

शहर के प्रमुख छठ घाटों पर नगर निगम की ओर से सफाई और प्रकाश व्यवस्था के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। नगर निगम कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय पूजा समितियां भी घाटों की साफ-सफाई और सजावट में जुटी हुई हैं। कुछ घाटों पर मिट्टी समतलीकरण, बांस-बल्लियों से सुरक्षा घेरा और रोशनी की व्यवस्था की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। छठ के मद्देनज़र प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिले के हर इलाके में छठ पूजा के आयोजन को लेकर जनभागीदारी बढ़ रही है, जिससे यह पर्व एकता, आस्था और सामाजिक सद्भाव का अद्भुत प्रतीक बनता जा रहा है।












