गिरिडीह जिले के मधुबन स्थित कोरिया बस्ती की महिलाओं ने बगोदर विधायक विनोद सिंह से मुलाकात कर अपनी समस्याएं साझा कीं। ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अब तक उन्हें वन पट्टा नहीं मिला है। वर्षों से इस बस्ती में रह रहे लोगों का कहना है कि न तो उन्हें आवासीय सुरक्षा मिली है और न ही मूलभूत सुविधाएं जैसे पानी की व्यवस्था। इस पर विधायक विनोद सिंह ने आश्वासन दिया कि यदि एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होती है, तो यह मुद्दा विधानसभा में उठाया जाएगा।

वहीं माले नेताओं पूरन महतो, राजेश सिन्हा और कन्हाई पांडे ने कहा कि अब आंदोलन और तेज़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गिरिडीह की जनता सिर्फ वोट देने के लिए नहीं है, बल्कि अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक विरोध जारी रखेगी। माले की जिला कमिटी ने साफ किया है कि यदि जल्द वन विभाग द्वारा निर्णय नहीं लिया गया तो वन विभाग कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में दर्जनों महिलाएं और ग्रामीण शामिल हुए और वन पट्टा के साथ-साथ पानी की सुविधा की भी मांग दोहराई।












