दक्षिण अफ्रीका के जोहानसबर्ग में पायलट ट्रेनिंग के दौरान हुए एक भीषण विमान हादसे में रांची के अरगोड़ा निवासी 20 वर्षीय पीयूष पुष्प की मौत हो गई। पीयूष जोहानसबर्ग के प्रसिद्ध वालकैन एविएशन इंस्टीट्यूट में प्रशिक्षण ले रहा था। ट्रेनिंग के दौरान वह जिस विमान को उड़ा रहा था, उसमें अचानक तकनीकी खराबी आने से विमान नियंत्रण से बाहर हो गया और कुछ ही देर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल पीयूष को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस हादसे की खबर मिलते ही रांची स्थित उसके घर में मातम छा गया, वहीं मोहल्ले के लोग स्तब्ध हैं। पीयूष के पिता टीएन साहू, जो जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली में शिक्षक रहे हैं, अपने इकलौते बेटे के निधन की खबर सुनकर बदहवास हो गए।
भारतीय दूतावास ने इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद पीयूष का पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पीयूष शुरू से ही विमानन क्षेत्र में करियर बनाना चाहता था और इसी सपने को पूरा करने के लिए वह दक्षिण अफ्रीका गया था। स्कूल के दिनों से ही वह मेधावी और अनुशासित छात्र के रूप में जाना जाता था। उसकी उपलब्धियों पर गर्व करने वाले शिक्षक और मित्र अब शोक में डूबे हैं। पूरे रांची में इस दर्दनाक हादसे की चर्चा है, और सोशल मीडिया पर लोग पीयूष को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।












