Aba News

अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की क्राइम मीटिंग, सीमावर्ती इलाकों में बढ़ाई गई चौकसी

गिरिडीह। जिले में अपराध पर नकेल कसने और बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार ने शनिवार को पपरवाटांड स्थित अपने कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग की। इस बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी शामिल हुए। बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिहार से सटे सीमावर्ती इलाकों में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या आपराधिक घटना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सीमावर्ती इलाकों में विशेष चौकसी बरती जाए, लगातार पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कठोर कार्रवाई करें तथा किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था को प्रभावित न होने दें।

बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और फरार अभियुक्तों की धर-पकड़ पर भी विशेष बल दिया गया। एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि प्रत्येक थाना प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि उनके थानों में दर्ज सभी मामलों की नियमित समीक्षा हो और जांच कार्य समय पर पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस बल को सतर्क और सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए एसपी ने साइबर डीएसपी को ठोस कार्रवाई करने और साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने का निर्देश दिया। बैठक में एएसपी अभियान सुरजीत कुमार, एसडीपीओ गिरिडीह सदर जितवाहन उरांव, एसडीपीओ खोरीमहुआ राजेंद्र प्रसाद, एसडीपीओ डुमरी सुमित प्रसाद, एसडीपीओ सरिया-बगोदर धनंजय राम, डीएसपी नीरज कुमार सिंह और कौशल अली सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें