Aba News

बगोदर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र स्थित एनएच-19 पर औंरा के पास खेतको मोड़ पर शनिवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बनपुरा निवासी 60 वर्षीय हनीफ अंसारी अपनी पत्नी कालिमा खातून के साथ स्कूटी पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सड़क पर दूर जा गिरी और हनीफ अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही हनीफ अंसारी ने दम तोड़ दिया। वहीं उनकी पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बगोदर क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग की। सिंह ने कहा कि हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने को लेकर आम लोगों में जागरूकता फैलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सड़क पर ओवरस्पीडिंग और भारी वाहनों के मनमाने तरीके से चलने को भी हादसों का प्रमुख कारण बताया। फिलहाल पुलिस ने ट्रक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें