रांची : झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। राजधानी रांची में शुक्रवार को तीखी धूप के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में दिनभर उमस और पसीने से लोग बेहाल रहे। वहीं, पलामू में मौसम ने करवट ली और 20 मिमी तक बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आई। दूसरी ओर, गोड्डा में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का एक ऊंचा स्तर माना जा रहा है। झारखंड के कई हिस्सों में मौसम का यह उतार-चढ़ाव साफ संकेत दे रहा है कि मानसून अब अपने अंतिम पड़ाव पर है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में सबसे न्यूनतम तापमान लातेहार जिले में दर्ज किया गया, जहां पारा 18.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ठंडी हवाओं के साथ सुबह और शाम का मौसम सुहावना होता जा रहा है। लोगों को हल्की ठंड का एहसास होने लगा है, खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की ठंड का असर दिखने लगेगा। हालांकि दिन के समय तेज धूप बनी रह सकती है, लेकिन रात और सुबह के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 24 घंटे में झारखंड से मानसून पूरी तरह विदा ले लेगा। रांची मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी इलाकों से बादल छंटने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके बाद मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के रास्ते मानसून की विदाई का दौर आगे बढ़ेगा। इसके साथ ही झारखंड में सर्दी का आगमन धीरे-धीरे शुरू हो जाएगा। अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से राज्य के कई जिलों में सुबह-शाम की ठंड बढ़ने की संभावना है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे आने वाले मौसम को ध्यान में रखकर अपनी फसलों की तैयारी करें।












