Aba News

गिरिडीह में ओवरलोडिंग व नियम उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई, 6 वाहन जब्त और भारी जुर्माना वसूला गया

गिरिडीह, 10 अक्टूबर 2025: जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आज तड़के सुबह 5 बजे जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में ताराटांड़ थाना क्षेत्र में व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत ओवरलोडिंग और गैर जिम्मेदाराना ढंग से संचालित भारी वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत कुल 6 वाहनों को जब्त किया गया, जिनमें से 3 वाहनों ने रोड टैक्स और अन्य अनिवार्य मानदंडों का पालन नहीं किया था। इन वाहनों को ताराटांड़ पुलिस स्टेशन में रखा गया है। सभी वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर आवागमन कर रहे थे। संबंधित वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 177, 179 और 194 के तहत चालान काटा गया तथा जुर्माना वसूला गया।

इस दौरान डुमरी क्षेत्र के पास दो वाहनों को ओवरहाइट उल्लंघन के लिए भी पकड़ा गया और उन पर सुसंगत धाराओं के तहत जुर्माना लगाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी श्री संतोष कुमार ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले में ऐसे वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है जो नियमों की अनदेखी करते हुए सड़कों पर चलते हैं। उन्होंने कहा कि गिरिडीह जिला प्रशासन का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने यानी सितंबर में ही जिले में कुल ₹7,54,300 का जुर्माना वसूला गया था, जो प्रशासन की सख्ती और जागरूकता का प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें