Aba News

दुर्गा पूजा शांति से संपन्न होने के बाद पूजा कमेटी और शांति समिति के सदस्यों को किया गया सम्मानित

गिरिडीह में दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण समापन के बाद बुधवार को नगर थाना परिसर के हुट्टी बाजार स्थित सभा कक्ष में पुलिस प्रशासन की ओर से आभार सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएसपी वन नीरज सिंह ने की। मौके पर अंचल अधिकारी जितेंद्र प्रसाद, डीएसपी टु कौशर अली, साइबर डीएसपी आबिद खान, पचम्बा थाना इंस्पेक्टर मंटू कुमार, नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन सिंह, दंडाधिकारी विनोद कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में शहर के विभिन्न पूजा कमेटियों, शांति समिति के सदस्यों और पुलिस मित्रों को शॉल और गुलाब फूल देकर सम्मानित किया गया। प्रशासन की ओर से कहा गया कि गिरिडीह जिले में सभी पूजा पंडालों में इस वर्ष का दुर्गा पूजा उत्सव पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसके पीछे हर समिति और नागरिक का योगदान सराहनीय रहा।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गिरिडीह जिले के नागरिकों ने जिस परिपक्वता और आपसी भाईचारे का परिचय दिया, वह पूरे राज्य के लिए एक उदाहरण है। डीएसपी नीरज सिंह ने कहा कि इस वर्ष भारी बारिश के बावजूद शहर में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई, जो लोगों की सजगता और सहयोग की मिसाल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी त्योहार भी इसी तरह सौहार्द और सुरक्षा के माहौल में मनाए जाएंगे। समारोह में राकेश मोदी, मुकेश जालान, नौशाद अहमद, चांद रूमी अख्तर, विवेश जालान, मदन विश्वकर्मा, प्रदीप अग्रवाल, राजेंद्र यादव, मंटू सिन्हा और दीपक शर्मा सहित विभिन्न पूजा कमेटियों के सदस्य उपस्थित थे। पुलिस प्रशासन ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह के सहयोग की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें