Aba News

महाराज जरासंध की प्रतिमा स्थापना दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, जयकारों से गूंजा शहर

शहर के महाराज जरासंध चौक पर मंगलवार, 7 अक्टूबर 2025 को भारत के चक्रवर्ती सम्राट महाराज जरासंध की प्रतिमा का 8वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। समारोह की शुरुआत अखिल भारतीय चंद्रशेखर समाज के केंद्रीय अध्यक्ष नागेंद्र चंद्रवंशी, केंद्रीय सचिव सूरज नयन, और केंद्रीय कोषाध्यक्ष श्री हरि सुदर्शन सहित अन्य गणमान्य लोगों द्वारा प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर “महाराज जरासंध अमर रहें” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यक्रम के उपरांत सवा मन लड्डू का वितरण चंद्रवंशी चौक पर किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों ने बताया कि गिरिडीह में महाराज जरासंध जयंती जेठान एकादशी के दिन मनाई जाएगी — इसी दिन देशभर में महाराज जरासंध की जयंती का उत्सव धूमधाम से आयोजित होता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष नागेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि “शहर के हृदयस्थल पर महाराज जरासंध की प्रतिमा का स्थापित होना पूरे चंद्रवंशी समाज के गौरव का प्रतीक है।” उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में इस प्रतिमा की स्थापना की गई थी। वहीं, बोधगया में महाराज जरासंध की प्रतिमा विखंडित किए जाने की घटना की उन्होंने घोर निंदा की और कहा कि “अब समय आ गया है जब समाज को अपनी एकता का परिचय देकर दोषियों को सजा दिलानी होगी।” कार्यक्रम में सूरज नयन, श्री हरि सुदर्शन, मुकेश चंद्रवंशी, मिथुन चंद्रवंशी, सुरेश चंद्रवंशी, मिहिर चंद्रवंशी, अमित आर्या, और सागर रवानी सहित कई वक्ताओं ने अपनी बात रखी। वक्ताओं ने इस प्रकरण पर बिहार सरकार और डीजीपी से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चंद्रवंशी समाज की महिलाओं और पुरुषों की उपस्थिति ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें