Aba News

जनता की आवाज़ को मिल रहा मंच — गिरिडीह जिला प्रशासन में हर मंगलवार और शुक्रवार को लग रहा जनता दरबार

गिरिडीह, 07 अक्टूबर 2025:- जिला प्रशासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित निवारण करना है। आज आयोजित जनता दरबार में जिला उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने सैकड़ों नागरिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा किया गया, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति भरोसा और भी मजबूत हुआ। जनता दरबार में भूमि विवाद, पेंशन, राशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से संबंधित आवेदन बड़ी संख्या में प्राप्त हुए।

उपायुक्त श्री यादव ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं बल्कि उनका पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता को राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने कई अंचलाधिकारियों से सीधे फोन पर संपर्क कर शिकायतों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और त्वरित कार्रवाई करने का आदेश दिया। इस पहल के चलते अब आम नागरिकों को अपनी बात कहने के लिए किसी माध्यम की आवश्यकता नहीं रही — वे सीधे जिला प्रशासन तक अपनी आवाज़ पहुँचा सकते हैं। बढ़ती भीड़ यह साबित कर रही है कि जनता दरबार पर लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।

जनता दरबार को और प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने “जन समाधान पोर्टल” भी शुरू किया है, जहां नागरिक ऑनलाइन अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। उपायुक्त ने बताया कि मंगलवार और शुक्रवार के अलावा भी लोग समाहरणालय पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं और हर आवेदन पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। श्री यादव ने कहा कि जनता दरबार केवल शिकायतों का मंच नहीं बल्कि यह जनता और प्रशासन के बीच विश्वास का पुल है। इस प्रयास का मकसद प्रशासन को आम जनता के और करीब लाना तथा “सुशासन” के उद्देश्य को साकार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें