गिरिडीह, 6 अक्टूबर — इनरव्हील क्लब ऑफ़ गिरिडीह सनशाइन द्वारा “होप टू शाइन” नामक एक दिवसीय प्रदर्शनी का भव्य आयोजन गिरिडीह में किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला की डीडीसी स्मिता कुमारी ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलन के साथ किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करना और स्थानीय उद्यमियों को अपने हुनर को प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना था। प्रदर्शनी स्थल पर सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ी रही, जिसमें हर आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उद्घाटन के दौरान डीडीसी ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम हैं।
प्रदर्शनी में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों और उद्यमियों ने अपने उत्पादों को प्रदर्शित किया। मुज़फ़्फरपुर से ज्वेलरी, देवघर से ‘रिवायत’ परिधान, हेंडलूम, हैंडीक्राफ्ट, होम डेकोर, और कई तरह के फैशन एवं घरेलू उत्पादों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। स्वादिष्ट व्यंजनों से सजे फूड स्टॉल्स ने आगंतुकों को लुभाया, जिनमें से कई क्लब की महिला सदस्यों द्वारा संचालित किए गए। बच्चों के लिए भी विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया — उपाध्यक्ष राखी झुनझुनवाला ने “नारी शक्ति” और “दिवाली” विषय पर क्राफ्ट व पेंटिंग प्रतियोगिता कराई और प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। वहीं, कोषाध्यक्ष मनीषा कपिसवे ने बच्चों के बीच मज़ेदार खेलों का आयोजन किया और विजेताओं को पुरस्कृत किया।
इस मौके पर क्लब की अध्यक्ष कविता राजगढ़िया, पीडीसी पूनम सहाय, सचिव स्मृति आनंद, संपादक संगीता सिन्हा, आईपीपी सुमन गौरीसरिया, तनुजा सहाय, और शबाना रब्बानी सहित सभी सदस्य मौजूद रहीं और कार्यक्रम की सफलता में सक्रिय भूमिका निभाई। डीडीसी स्मिता कुमारी ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थल पर रचनात्मकता, संस्कृति और आत्मनिर्भरता का संगम देखना अत्यंत सुखद अनुभव रहा। “होप टू शाइन” प्रदर्शनी ने न केवल स्थानीय और बाहरी कलाकारों को मंच प्रदान किया बल्कि महिलाओं को अपने हुनर को पहचान दिलाने और समाज में अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर भी दिया।













