Aba News

गिरिडीह में बड़ा खुलासा: होटल से 20,000 लीटर कच्चा स्प्रिट बरामद, पांच गिरफ्तार

गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र के हेठनगर स्थित एक होटल में रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक पुलिस और मद्य निषेध विभाग की संयुक्त कार्रवाई ने शराब माफियाओं के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। इस अभियान में पटना मद्य निषेध इकाई, रांची एटीएस और निमियाघाट पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की और करीब 1040 गैलन यानी लगभग 20,000 लीटर कच्चा स्प्रिट बरामद किया। इतनी बड़ी मात्रा में स्प्रिट की बरामदगी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मौके से पुलिस ने दो गाड़ियों—एक स्कॉर्पियो (JH 10AV/2105) और एक कार (JH10AP/3398)—को भी जब्त किया है। बताया जा रहा है कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था, जिसकी भनक अधिकारियों को नालंदा में जुलाई माह में पकड़े गए एक वाहन से लगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, छापेमारी अभियान के दौरान पांच लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में होटल मालिक बबलू महतो, होटल मैनेजर मनोज महतो, बरही निवासी सुनील कुमार, नवादा का मिथुन पासवान और नालंदा का योगेंद्र महतो शामिल हैं। ये सभी इस गोरखधंधे में सक्रिय रूप से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। टीम ने गैलनों की गणना करने के बाद जब्त स्प्रिट और आरोपियों को निमियाघाट पुलिस को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस इस बात की तहकीकात कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एटीएस की टीमें इस पूरे ऑपरेशन को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दीं। देर रात शुरू हुई छापेमारी सुबह तक चली और एक-एक गैलन की गिनती की गई। बरामद स्प्रिट का इस्तेमाल अवैध शराब निर्माण में किया जाता है, जो न केवल कानूनन अपराध है बल्कि लोगों की जान के लिए भी खतरा है। इस अभियान ने यह साफ कर दिया है कि गिरिडीह और आसपास के इलाके शराब तस्करी और अवैध कारोबार का बड़ा अड्डा बनते जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे गोरखधंधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी ताकि अवैध शराब माफियाओं की कमर तोड़ी जा सके।
इस छापेमारी में निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार, एसआई सत्येंद्र कुमार, उमर खान और दयाल महतो सहित कई पुलिसकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अधिकारियों ने दावा किया है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है और आने वाले दिनों में इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए और बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। दूसरी ओर, स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन की इस सफलता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अवैध कारोबार से समाज में अपराध और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं। अब देखना यह होगा कि जांच आगे बढ़ने पर किन और बड़े नामों का खुलासा होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें