जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आज सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत या विस्पुते की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए दर्जनों लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामाजिक समस्याएं रखीं। एसडीओ ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को अग्रसारित किया और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया।

जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, पेंशन, राशन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा व्यवस्था, विद्यालय संचालन, भू-अर्जन, अबुआ आवास योजना, मईया समान योजना से जुड़ी समस्याएं और दिव्यांगजन हेतु ट्राई-साइकिल की मांग जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। एसडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें ताकि आमजनों को त्वरित राहत मिल सके।













