गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के सिकरुडीह गांव में बीती रात एक बंद घर के चारदीवारी के भीतर खड़ी फोर्ड फिगो कार अचानक आग की चपेट में आ गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी कार जलकर राख हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह कार ढेंगाडीह निवासी सिकंदर मंडल की थी, जो ओड़िशा में रहकर काम करता है। सिकंदर ने अपने मामा कैलाश मंडल के घर के कम्पाउंड में वाहन खड़ा किया था, क्योंकि उसके घर में पार्किंग की जगह नहीं थी। चार अगस्त को कार को वहां खड़ा कर वह ओड़िशा चला गया था।
रात करीब 12 बजे ग्रामीणों ने देखा कि कम्पाउंड के अंदर खड़ी कार में आग लगी हुई है। सूचना मिलने पर कैलाश मंडल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, संभावना जताई जा रही है कि किसी ने कार में जानबूझकर आग लगाई। घटना की सूचना देवरी थाना पुलिस को दे दी गई है, जो मामले की जांच कर रही है।












