गिरिडीह नगर निगम द्वारा पुराने नगर परिषद परिसर के 22 दुकानदारों को दुकान खाली करने का नोटिस दिए जाने के विरोध में शुक्रवार को दुकानदारों ने उप नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। दुकानदारों का कहना है कि वर्ष 2022 में यहां भवन निर्माण होना था, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। इस बीच उन्होंने मामले को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जो अब भी लंबित है।

दुकानदारों का कहना है कि जब तक अदालत का फैसला नहीं आ जाता, तब तक उन्हें हटाना न्यायसंगत नहीं होगा। वहीं, मकातपुर सब्जी मंडी में नए बने दुकानों के आवंटन के लिए नगर निगम ने शुक्रवार को लॉटरी निकाली, जिसका दुकानदारों ने विरोध किया। उनका कहना है कि मकातपुर में व्यापार की संभावना नहीं है और वहां ग्राहकों का आना-जाना भी मुश्किल है। विरोध के बावजूद निगम प्रशासन ने प्रक्रिया पूरी करते हुए दो महिलाओं से लॉटरी निकलवाई और 22 दुकानों का आवंटन कर दिया।













