सोमवार की शाम देशभर के लाखों मोबाइल यूजर्स के लिए परेशानी भरी साबित हुई, जब अचानक Airtel समेत कई कंपनियों के नेटवर्क ठप हो गए। शुरुआत में खबर आई कि सबसे ज्यादा असर Airtel पर पड़ा है, जहां न कॉल हो पा रही थी और न ही इंटरनेट चल रहा था। इसके बाद Vodafone-Idea (Vi) और Jio यूजर्स ने भी नेटवर्क समस्या की शिकायत की। दिल्ली-NCR, मुंबई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों से हजारों शिकायतें दर्ज हुईं, जिससे लोग गुस्से में सोशल मीडिया पर कंपनियों को आड़े हाथों लेने लगे।
Downdetector नामक वेबसाइट के अनुसार, Airtel की सर्विस में खराबी लगभग शाम 3:30 बजे शुरू हुई और धीरे-धीरे अन्य यूजर्स भी प्रभावित होते गए। केवल दिल्ली-NCR से ही 3 हजार से अधिक शिकायतें मिलीं। वहीं, Jio और Vi पर भी दिक्कतें दर्ज की गईं—Jio पर करीब 200 और Vi पर लगभग 50 शिकायतें सामने आईं। चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता और पटना जैसे शहरों में भी उपभोक्ता नेटवर्क समस्या से जूझते रहे। कई यूजर्स ने ट्विटर (X) पर कंपनियों से जवाब मांगा। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा—“पिछले एक घंटे से मेरी पत्नी सोच रही है कि मैं उसके कॉल इग्नोर कर रहा हूं, शुक्रिया Airtel, आपने नेटवर्क की समस्या को शादी की समस्या में बदल दिया।”
हालांकि Airtel ने माना कि नेटवर्क में गड़बड़ी आई थी और तुरंत सुधार कार्य शुरू किया गया, वहीं Jio ने सफाई देते हुए कहा कि उनका नेटवर्क पूरे दिन सामान्य रूप से काम कर रहा था। Jio के मुताबिक दिक्कत तब आई जब उनके ग्राहक ऐसे नेटवर्क पर कॉल कर रहे थे जो पहले से डाउनटाइम झेल रहा था। सवाल यह उठता है कि आखिर एक ही समय पर देश की तीन बड़ी टेलीकॉम कंपनियों के नेटवर्क में गड़बड़ी कैसे हुई? क्या यह तकनीकी खामी है या किसी बड़े सिस्टम फेल्योर का नतीजा? फिलहाल कंपनियां इसकी पूरी जानकारी देने से बच रही हैं, लेकिन उपभोक्ताओं की नाराजगी अब भी बरकरार है।












