क्या आप जानते हैं कि आपकी आँखें सिर्फ देखने का जरिया नहीं हैं, बल्कि आपके पूरे शरीर की सेहत का आईना भी हैं? कई बार आँखों में दिखने वाले छोटे-छोटे बदलाव गंभीर बीमारियों की ओर इशारा करते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आँखों की नियमित जांच से डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, कैंसर और यहां तक कि मस्तिष्क के ट्यूमर जैसी खतरनाक बीमारियों का भी शुरुआती पता लगाया जा सकता है। धुंधली नजर, अचानक दृष्टि घटना, आँखों के सामने धब्बे या फ्लोटर्स दिखना इस ओर इशारा कर सकते हैं कि शरीर के अंदर कुछ गंभीर चल रहा है।
डॉक्टरों के मुताबिक डायबिटीज से पीड़ित मरीजों में सबसे ज्यादा देखने को मिलती है डायबिटिक रेटिनोपैथी, जिसमें रेटिना की रक्त कोशिकाएं क्षतिग्रस्त हो जाती हैं और धीरे-धीरे दृष्टि कम होने लगती है। अगर समय रहते जांच कर इलाज शुरू किया जाए तो इस बीमारी को बढ़ने से रोका जा सकता है और आंखों की रोशनी बचाई जा सकती है। यही नहीं, आंखों में असामान्य धब्बे, लालिमा या कोशिकाओं में बदलाव कैंसर जैसे खतरनाक रोगों का भी शुरुआती संकेत हो सकते हैं। डॉक्टर मानते हैं कि समय रहते पहचान होने पर इलाज आसान हो जाता है और जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है।
यही वजह है कि विशेषज्ञ हर व्यक्ति को साल में कम से कम एक बार आँखों की पूरी जांच करवाने की सलाह देते हैं। आंखों की नियमित जांच न सिर्फ दृष्टि की सुरक्षा करती है, बल्कि शरीर में छिपी कई गंभीर बीमारियों का समय रहते पर्दाफाश भी कर सकती है। याद रखिए, आँखें आपकी आत्मा का आईना ही नहीं बल्कि सेहत का अलार्म भी हैं। इसलिए इन्हें कभी इग्नोर न करें।












