Aba News

मुंबई में बारिश का हाहाकार, रेड अलर्ट जारी – स्कूल-कॉलेज बंद, ऑफिसों को WFH का निर्देश

मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों में और तेज बारिश हो सकती है। हालात को देखते हुए स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, वहीं सरकारी दफ्तरों में छुट्टी की घोषणा की गई है। निजी कंपनियों को सलाह दी गई है कि वे कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दें। मंगलवार सुबह 9:17 बजे समुद्र में करीब 12 फीट ऊंची हाई टाइड दर्ज की गई, जिसके बाद कई निचले इलाकों में पानी भर गया और यातायात प्रभावित हो गया।

भारी बारिश के चलते मुंबई की सड़कें नदी जैसी नजर आ रही हैं। जगह-जगह गाड़ियों की लंबी कतारें और घंटों तक जाम की स्थिति बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें। बीते 24 घंटों में बारिश से जुड़े हादसों में सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। उड़ानों और लोकल ट्रेनों पर भी असर पड़ा है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

मुंबई पुलिस कमिश्नर ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को आगाह किया है कि भारी बारिश और हाई टाइड के समय तटों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि “आपात स्थिति में पुलिस हर वक्त मदद के लिए तैयार है, लेकिन नागरिकों की सतर्कता सबसे जरूरी है।” लगातार हो रही बारिश से मुंबई के कई इलाके पानी-पानी हो चुके हैं, जिससे आम लोगों की जिंदगी अस्त-व्यस्त हो गई है। फिलहाल प्रशासन की पूरी कोशिश है कि हालात पर जल्द से जल्द काबू पाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें