इंडिया गठबंधन (INDIA Block) आज उपराष्ट्रपति पद के अपने उम्मीदवार का ऐलान कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर दोपहर 12:30 बजे सभी विपक्षी दलों की अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें नाम को अंतिम रूप दिया जाएगा। खास बात यह है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की अगुवाई वाले एनडीए (NDA) ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है, लेकिन इंडिया गठबंधन अभी भी अपने साझा उम्मीदवार को लेकर मंथन कर रहा है। विपक्ष चाहता है कि यह चुनाव सिर्फ पद के लिए न होकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई के रूप में सामने आए।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इंडिया ब्लॉक कई नामों पर गंभीरता से विचार कर रहा है। इसमें इसरो के पूर्व वैज्ञानिक और चंद्रयान-1 परियोजना के निदेशक रहे मैलस्वामी अन्नादुरई का नाम शामिल है, जिन्हें विपक्ष विज्ञान और शोध की उपलब्धियों से जोड़कर पेश करना चाहता है। वहीं, डीएमके के वरिष्ठ सांसद तिरुचि सिवा का नाम भी प्रमुख दावेदारों में गिना जा रहा है। इसके अलावा महात्मा गांधी के परपोते और इतिहासकार तुषार गांधी का नाम शुरुआती दौर से ही चर्चा में है। विपक्ष मानता है कि उनकी उम्मीदवारी बीजेपी के खिलाफ एक वैचारिक संघर्ष का प्रतीक बन सकती है। साथ ही सूत्र बताते हैं कि महाराष्ट्र से एक दलित बुद्धिजीवी का नाम भी अंतिम विकल्प के तौर पर रखा गया है।
उधर, एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को दिल्ली पहुंचकर चुनावी रणनीति को तेज कर दिया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। अब सबकी निगाहें विपक्षी बैठक पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि राधाकृष्णन के मुकाबले इंडिया ब्लॉक किस उम्मीदवार को मैदान में उतारता है।












