Aba News

Voter Adhikar Yatra: फ्लॉप होगी वोटर अधिकार यात्रा’ – शाहनवाज हुसैन का बड़ा दावा, विपक्ष पर साधा निशाना

बिहार की राजनीति में गर्मी बढ़ गई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी इन दिनों बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाल रहे हैं, जिसे लेकर भारतीय जनता पार्टी ने करारा हमला बोला है। बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने इस यात्रा को “विपक्ष की नौटंकी” बताया, वहीं पार्टी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने इसे पूरी तरह से फ्लॉप शो करार दिया। शाहनवाज ने कहा कि कांग्रेस और राजद जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता इनके बहकावे में आने वाली नहीं है।

शाहनवाज हुसैन ने साफ कहा कि “एनडीए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगा और जीत दर्ज करेगा। विपक्षी गठबंधन की हार तय है, और हारने के बाद ये लोग हमेशा की तरह चुनाव आयोग पर ठीकरा फोड़ेंगे। दरअसल, यही वजह है कि वे पहले से भूमिका तैयार कर रहे हैं, लेकिन उनकी इस यात्रा से जनता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।” शाहनवाज के साथ ही दिलीप जायसवाल ने भी दोहराया कि चुनाव आयोग हर मतदाता का अधिकार सुनिश्चित करने में जुटा है और विपक्ष सिर्फ दिखावा कर रहा है।

गौरतलब है कि इस साल बिहार में चुनाव होने हैं और इसी बीच चुनाव आयोग ने राज्य में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराने का निर्णय लिया है। विपक्ष का आरोप है कि यह प्रक्रिया वोट चोरी के लिए की जा रही है। राहुल गांधी और इंडिया ब्लॉक इसी मुद्दे पर ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाल रहे हैं। लेकिन बीजेपी का कहना है कि यह सब सिर्फ एक राजनीतिक नाटक है और चुनाव आयोग पहले से ही 1 सितंबर तक हर वोटर को पंजीकरण और सुधार का पूरा मौका दे रहा है। अब देखना होगा कि राहुल गांधी की यह यात्रा जनता के बीच कितना असर छोड़ पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें