गिरिडीह समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की मासिक समीक्षा बैठक हुई, जिसमें आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य, पोषाहार वितरण, किशोरी समृद्धि योजना और मातृत्व वंदना योजना की प्रगति पर गंभीर चर्चा की गई। डीसी ने निर्देश दिया कि सभी निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने बाल विकास परियोजना अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने को भी कहा।

बैठक में कुपोषित बच्चों के इलाज और पोषण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सेविका-सहायिका की नियुक्ति में तेजी, आधार नामांकन की प्रगति और अल्ट्रासाउंड क्लीनिक की निगरानी पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पोषाहार की आपूर्ति में कोई बाधा न हो और लाभुकों को समय पर पोषण सामग्री मिले। साथ ही आंगनबाड़ी सेविकाओं के लंबित मानदेय को जल्द भुगतान करने का आदेश भी जारी किया गया।












