बेंगाबाद थाना क्षेत्र के धोबनी गांव में मशरूम फैक्ट्री द्वारा जबरन कचरा फेंके जाने को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मना करने के बावजूद प्रदूषणकारी कचरा न सिर्फ सड़क किनारे, बल्कि कुछ की निजी जमीन और जलस्रोत के पास भी फेंका गया है, जिससे कुएं का पानी भी प्रदूषित हो गया है। पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने गुरुवार को गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

यादव ने कहा कि यह मामला गंभीर है, खासकर तब जब प्रशासन के निर्देशों के बावजूद कचरा अब तक नहीं हटाया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि जिस जमीन पर फैक्ट्री बनी है, वह पहले ही खंडोली डैम के लिए अधिग्रहित की जा चुकी थी, ऐसे में उसकी बिक्री और उस पर निर्माण भी जांच का विषय है। यादव ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों में कचरा नहीं हटाया गया, तो प्रभावित दलित परिवारों को समाहरणालय के समक्ष धरने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। मौके पर शंकर दास, बिरजू दास, मीना देवी समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।












