Aba News

गिरिडीह के कृष्णा अपार्टमेंट में व्यवसायी ने की खुदकुशी, फंदे से झूलता मिला शव, सुसाइड नोट बरामद

गिरिडीह: शहर के प्रतिष्ठित कृष्णा अपार्टमेंट से मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। अपार्टमेंट के एक कमरे से व्यवसायी सुदीप कपिसवे का फंदे से झूलता शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है। हालांकि सुसाइड नोट में क्या लिखा है, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, सुदीप कपिसवे हाल के दिनों में कोलकाता में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। बताया जा रहा है कि तीन से चार दिन पहले वे अचानक गिरिडीह लौट आए थे, लेकिन उन्होंने अपने किसी भी परिचित या परिजन को इसकी जानकारी नहीं दी। दिलचस्प बात यह है कि सुदीप का साला ठीक उसी अपार्टमेंट के पीछे रहता है, फिर भी किसी को यह भनक नहीं लगी कि सुदीप शहर में मौजूद हैं।
मंगलवार सुबह अचानक उनके परिवार के एक सदस्य को मोबाइल पर एक मैसेज मिला, जिसने सभी को चौंका दिया। घबराए परिजन तत्काल कृष्णा अपार्टमेंट पहुंचे, जहां सुदीप का कमरा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़ने पर सुदीप का शव फंदे से झूलता मिला। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर परिवार के लोग रो-रो कर बेहाल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही सुदीप की पत्नी और बच्चे कोलकाता से गिरिडीह के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। पारिवारिक, मानसिक या आर्थिक तनाव जैसे कोणों को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। शहर में इस घटना को लेकर शोक और हैरानी का माहौल है, और लोग यह सवाल कर रहे हैं कि एक हँसमुख और सफल व्यवसायी ने ऐसा कदम क्यों उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें