गिरिडीह, 25 जुलाई 2025 – जिला परिवहन पदाधिकारी शैलेश कुमार प्रियदर्शी के निर्देश पर शुक्रवार को गिरिडीह-जमुआ मार्ग (SH-13) पर व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व मोटरयान निरीक्षक कमल किशोर ने किया, जिसमें मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ियों, स्कूल बसों और अन्य सार्वजनिक वाहनों की विधिवत जांच की गई।

जांच का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ियों में निर्धारित छह श्रेणियों – छात्र-छात्रा, वरिष्ठ नागरिक, झारखंड आंदोलनकारी, दिव्यांगजन, HIV संक्रमित व विधवा पेंशनधारियों – से अवैध रूप से किराया न वसूला जा रहा हो। साथ ही, वाहनों की तकनीकी स्थिति, सुरक्षा मानकों और वैध दस्तावेजों की भी पुष्टि की गई। विशेष रूप से स्कूल बसों की सुरक्षा पर ध्यान दिया गया। जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक मो. वाजीद हसन ने चालकों को यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक किया। प्रशासन ने आगे भी नियमित जांच अभियान जारी रखने की बात कही है।












